शादी में 50 लोगों का नियम, 3 दिन के कार्यक्रम बना रिश्तेदारी निभा रहे लोग

(संजय आहूजा)अनलॉक वन के बीच विवाद-शादी व अन्य तरह के तरह के कार्यों में 50 लोगों की मौजूदगी के नियम के चलते लोग अपने रिश्तेदारों व खास लोगों को अपने कार्यक्रम में शिरकत कराने के मकसद से तरह-तरह के रास्ते निकाल रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल, होटल, धर्मशाला के मालिक व संचालकों को इन कार्यक्रमों को लेकर नियम कायदों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में लोगाें ने अपने कार्यक्रम को भव्य रूप देने की बजाए उसे किश्तों में बांट दिया है, जिसमें हर रोज गिनती के रिश्तेदार बुलाकर रिश्तेदारी निभा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस तरह के कार्यक्रम का समय सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक ही करने के आदेश दिए हैं।

देर रात तक कार्यक्रम करने पर किया जाएगा मामला दर्ज
जिलाधीश एवं उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल, होटल, धर्मशाला के मालिक व संचालकों को निर्देश दिए है कि वे सुबह 9 बजे से रात्रि 8 बजे तक के बीच शादी व अन्य कार्यक्रम आयोजित करवाएं, ताकि रात्रि कफ्र्यू (रात्रि 9 बजे से सुबह 5 बजे तक) के आदेशों की पालना सुनिश्चित की जा सकें। उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम व अधिकारियों को भी निर्देश दिए है कि वे समय-समय पर निरीक्षण कर इन आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाएं। इन आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विवाह में इस तरह से बुला रहे रिश्तेदारों काे
शहर के एक परिवार में शादी है। लंबा चौड़ा परिवार है। ऊपर से सरकार व प्रशासन के नियम कायदे। रिश्तेदार नाराज न हो, उन्हें भी अपने कार्यक्रम में शिरकत कराई जा सके, इसके लिए परिवार ने मेहंदी, लेडीज संगीत व शादी के तीन दिन के कार्यक्रम रखे हैं। इसमें हर रोज ज्यादा से ज्यादा 50 लोग ही बुलाने की योजना बनाई है। इसके लिए उन्होंने अपने रिश्तेदारी परिवार के सदस्यों में से हर रोज एक-एक सदस्य को बुलाया है। यानिकी किसी परिवार में तीन सदस्य हैं तो एक सदस्य, मेहंदी वाले दिन, दूसरा सदस्य लेडीज संगीत तो तीसरा विवाह के दिन बुलाया गया है। इस तरह से कोई नाराज भी नहीं होगा।

बैंक्वेट हाल की बुकिंग नहीं
50 लोगों के शामिल होने के नियम के चलते लोग मिनी हॉल में ही कार्यक्रम कर रहे हैं। इससे शहर के मैरिज पैलेसों की स्थिति खराब है। कम लोग होने के चलते होटलों में ही कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

कम लोगों की मौजूदगी में हो रहे सभी कार्यक्रम
दीप होटल के संचालक लवली मेहता ने बताया कि इस महीने तीन दिन ही ऐसे हैं, जब लोग विवाह आदि कार्यक्रम कर रहे हैं। इन दिनों में शादी व मांगलिक कार्य कम ही होते हैं। इस महीने में 19 जून, 21 जून व 29 जून को ही विवाह कार्यक्रम होने है। नियमों के चलते अब लोग इस तरह के कार्यक्रम कम लोगों की मौजूदगी पर ही फोकस करने लगे हैं।

कार्यक्रम में इन बातों का रखना होगा ध्यान

  • मुख्य द्वार पर थर्मल स्केनिंग व सेनिटाइजर के साथ गार्ड की नियुक्त ।
  • कोई भी व्यक्ति बिना स्केनिंग, सेनिटाइजेशन व मास्क के प्रवेश न करे।
  • बैंक्वेट हॉल 2000 स्कवेयर फुट बड़ा होना चाहिए।
  • 50 लोगों को एक ही समय में आने की अनुमति होनी चाहिए।
  • शादी का कार्यक्रम उचित खुले और हवादार जगह पर होना चाहिए।
  • सैंट्रल एयर कंडिशनिंग का प्रयोग नहीं होना चाहिए।
  • किसी भी व्यक्ति जिसे खांसी, जुकाम, गले में दर्द या बुखार हो उसको प्रवेश नहीं देना चाहिए।
  • अगर किसी व्यक्ति के हाथ पर होमक्वारंटाइन की स्टैंप हो उसे प्रवेश नहीं देंगे।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फतेहाबाद. दीप होटल।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3d189Oh
via IFTTT