बाइक और कार के चालान काटने में पुलिस व्यस्त, अवैध वाहनों में खुलेआम ढोई जा रहीं सवारियां

अवैध वाहन खुलेआम सवारियों को ढो रहे हैं। इससे सोशल डिस्टेंसिंग टूट रही है और कोरोना का जाल मजबूत हो रहा है। कोरोना को लेकर जारी की गई गाइड लाइन की भी परवाह नहीं है। सवारियां भी बिना मास्क के इन वाहनों में बैठ रही हैं। शहर के मुख्य चौराहों से ये धड़ल्ले से सवारियों को बिठाते हैं और थाने-चौकियों के सामने से गुजर जाते हैं लेकिन पुलिस के टारगेट पर सिर्फ बाइक हैं। पुलिस को यह वाहन दिखते ही नहीं हैं।

पुलिस देखती रहती और 3 की बजाए 8 सवारियां लेकर जा रहे वाहन

सेक्टर- 11/12 मोड़- दोपहर 1:30 बजे- इस मोड़ पर अधिकतर लोग रॉन्ग साइड आते हैं। मलिक पेट्रोल पंप की ओर से बाइक चालक रॉन्ग साइड आते हैं और इस मोड़ से होते वह संजय चौक की तरफ जाते हैं। यहां ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी फ्लाईओवर के नीचे खड़ी थी। उसमें करीब 4 पुलिसकर्मी थे। पुलिस कर्मियों को ध्यान सिर्फ बाइक और रॉन्ग साइड आने वाले वाहनों की तरफ था। 10 मिनट के अंदर इस मोड़ से करीब 4 अवैध वाहन सवारियों को लेकर गुजर गए।

एक अवैध वाहन वाले ने तो सेक्टर-11/12 मोड़ पर गाड़ी को रोक लिया और दो सवारियों को समालखा के लिए बिठा लिया। किसी भी पुलिस कर्मियों ने एक भी अवैध वाहन को रोकने का प्रयास नहीं किया। जबकि पुलिस ने यहां करीब 12 बाइक के चालान काटे।

सब्जी मंडी मोड़, शिव चौक- दोपहर 2:20 बजे-इस मोड़ पर सवारी ऑटो वालों ने अवैध रूप से अड्डा बना रखा है। हर वक्त यहां 8 से 10 ऑटो खड़े रहते हैं। इस कारण यहां अवैध वाहन रुकने लगे हैं। जो शामली और सनौली की तरफ आने-जाने वाली सवारियों को यहां से बिठाते हैं। इस चौक पर दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी थी। जो एक कौने में ही बैठे थे। 10 मिनट के अंदर इस चौक पर 3 अवैध वाहन आकर रुके।

प्रति वाहन में कम से कम 7 से 8 सवारियां थीं। सवारियों ने मास्क तक नहीं लगाया था। एक अवैध वाहन पुलिस कर्मियों के सामने ही गाड़ी लगाकर सवारियों को बिठा रहा था। कार्रवाई तो दूर पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से हटाने तक की कोशिश तक नहीं की।

संजय चौक- दोपहर 3:10 बजे: शहर के सबसे व्यस्त चाैराहों में शामिल इस चौराहे से यूपी-उत्तराखंड की ओर जाने वाली सड़क जुड़ती है। इस चौराहे की यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस का बूथ बना है। इस बूथ पर एक एएसआई, छह सिपाही की ड्यूटी रहती है। यहां सभी पुलिसकर्मी बाइक चालकों के चालान काटने में व्यस्त थे। पुलिस उन बाइक चालकों को रोक रही थी जिन्होंने हेलमेट या मास्क नहीं लगाया था।

इस चाैक से 10 मिनट के अंदर 7 अवैध वाहन सवारियों को लेकर वहां से गुजर गए। इतना ही एक वाहन सर्विस रोड पर शराब ठेके के सामने खड़ा। इसमें करीब 6 सवारियां बैठी हुई थीं। चालक दो से 3 सवारियों को इंतजार कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने ही इस वाहन को वहां से हटाने की कोशिश की और न ही इस ओर देखा।

अवैध वाहनों के खड़ा होने से फैलती है अव्यवस्था
शिव चौक पर किराने की दुकान चलाने वाले राकेश और सुरेश ने बताया कि यहां सुबह से शाम तक ऑटो और अवैध वाहन खड़े होते है। जबकि इस रोड पर वाहनों को दबाव अधिक रहता है। ऑटो और अवैध वाहनों के खड़े होने से यहां अव्यवस्था फैलती है। वह पुलिस को इस बारे में कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।

उठाई थी आवाज, मिलने लगी थी धमकियां: यूनियन
ऑटो यूनियन के प्रधान बबलू ने बताया कि 7 महीने पहले इन अवैध वाहनों के खिलाफ यूनियन ने अावाज उठाई थी। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो अवैध वाहन संचालकों की तरफ से धमकियां मिलने लगीं थीं। उसके बाद वे शांत हो गए।

सीधी बात सतीश वत्स, डीएसपी, पानीपत

  • Q. चौराहों पर पुलिस के सामने ही अवैध वाहनों में सवारियां बिठाई जा रही हैं। कार्रवाई नहीं हो रही?
  • A. प्रतिदिन 8 से 10 गाड़ियों के चालान काटे जा रहे हैं।
  • Q. फिर क्यों ऐसे वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है?
  • A. ऐसे वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर को रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पानीपत. जीटी संजय चाैक के पास क्रूजर में सवारिया बिठाते।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NxivLu
via IFTTT