(जितेंद्र बूरा)लाइट, कैमरा, एक्शन...के साथ हरियाणा फिर झूमने लगा है। हरियाणवी पॉप संगीत इंडस्ट्रीज फिर रंगत में लौट रही है। लॉकडाउन की वजह से 500 से अधिक गीतों की शूटिंग रुक गई थी। इससे 8 से 10 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। गीत-संगीत इंडस्ट्रीज से जुड़े 10 हजार से अधिक कलाकार व गीतकार फिर से मनोरंजन के लिए तैयार हैं।
हरियाणा के कलाकारों ने पिछले कुछ सालों में लोगों के दिलों पर अलग छाप छोड़ी है। यू-टयूब चैनलों से जहां कॉमेडी शो देकर गुदगुदा रहे हैं, वहीं हरियाणवी गीत अब विदेशों में भी धूम मचा रहे हैं। जैसे, सैंडल गीत को 50 करोड़ तक व्यू मिले, वहीं गजबण पाणी न चाली को 20 करोड़ से अधिक व्यू हासिल कर चुका है।
50 हजार से 5 लाख तक में बन रहे गीत : लेखक, गायक, संगीतकार, एक्टर, को-एक्टर व पर्दे के पीछे के कलाकारों सहित प्रदेश में 10 हजार के करीब लोग हरियाणवी संगीत इंडस्ट्री कारोबार से जुड़े हैं। 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपए तक की लागत का गीत अब बन रहा है। लॉकडाउन के बाद शूटिंग शुरू हुई हैं और धड़ाधड़ नए गीत अब सामने आएंगे।
तैयार हो रही महंगी लोकेशन, किराए पर शूटिंग : शुरुआती दौर में खेतों या गांवों में सार्वजनिक शूटिंग होती थी। लोगों में गीतों और कलाकारों का क्रेज बढ़ा तो सार्वजनिक शूटिंग मुश्किल होने लगी। सिरसा, हिसार, करनाल, दिल्ली अलिपुर, कुतुबगढ़, बुराड़ी, सोनीपत आदि जगह एक दिन के 25 से 30 हजार किराए तक पर लोकेशन मिल रही हैं।
घरों में ही वीडियो बनाकर फेसबुक, यू ट्यूब द्वारा प्रशंसकों से रखा जुड़ाव
मुख्य कलाकार तो अन्य माध्यमों से लाइव आकर सोशल गतिविधियों में शामिल रहे, लेकिन अन्य कलाकार पूरी तरह बेरोजगार ही रहे। कलाकार देवकुमार देवा, अजय हुड्डा, एमडी, अन्नु कादियान, सपना चौधरी, अंशु राणा, निर्देशक नवनीत वर्मा आदि ने जरूरतमंद को भोजन उपलब्ध करवाने, पुलिस कर्मियों व स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग जैसे कार्यकर्मों में भागीदारी भी दी। फेसबुक, यू ट्यूब व अन्य माध्यमों से घरों में ही वीडियो बनाकर शेयर की और लाइव आकर प्रशंसकों से जुड़ाव रखा। संगीत कंपनियों या फिर बड़े कलाकारों ने साथ जुड़े कलाकारों को एडवांस दिए तो किसी ने अपनी बचत से काम चलाया।
लॉकडाउन में लिखे गीत
मुकेश जाजी, लेखक ने कहा कि लॉकडाउन में लेखकों के लिए बहुत कुछ लिखने और सोचने का मौका रहा। 15 से अधिक गीत उन्होंने लिखे हैं। इनकी शूटिंग शुरू हो गई है। क्लासमेट गीत आ गया और टूम गीत आने वाला है।
महिला कलाकारों ने बनाई पहचान : अन्नु कादियान
अन्नु कादियान, हरियाणवी गायक ने कहा कि लॉकडाउन में न गीतों की शूटिंग नहीं हो रही थी। अब फिर काम पर लग गए हैं। प्रदेश में महिला कलाकारों को हरियाणवी पॉप गीतों से नई पहचान मिली है।
नए उत्साह से जुटे कलाकार
देव कुमार देवा,हरियाणवी गायक ने कहा कि कोरोना की वजह से लॉकडाउन में घरों में रहना पड़ा। शूटिंग बंद थी। अब नए उत्साह के साथ रुके हुए और नए गीतों की शूटिंग शुरू हो गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VW7QPc
via IFTTT