रोडवेज बसें सेनेटाइज, 15 दिन की बजाय अब रोजाना होगी धुलाई इस महीने बंद रहेंगे सभी स्कूल, बस पेपर देने ही जाएंगे विद्यार्थी


काेरोना वायरस से बचाव के लिए हरियाणा रोडवेज विभाग की तरफ से एडवाइजरी जारी करने के बाद भिवानी वर्कशॉप में बसों को सेनेटाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार से वर्कशॉप से सभी बसों को वाशिंग के बाद ही निकाला जा रहा है। बसों में लगे पाइप सेनेटाइज करने के बाद ही वाशिंग की जा रही है। यह आदेश प्राइवेट बसों के लिए भी जारी किए गए हैं, लेकिन उनमें अभी तक ऐसी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। दूसरी ओर राज्यपाल के निर्देश पर सभी रेडक्रास शाखाओं में काेरोना वायरस के प्रति जागरूकता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। शिक्षा निदेशालय के आदेशों के अनुसार सभी स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे। विद्यार्थी केवल परीक्षा देने ही जाएंगे।

शनिवार को रोडवेज विभाग ने एडवाइजरी जारी कर डिपो में पहुंचने के बाद बसों की धुलाई के आदेश जारी किए थे। रविवार को सभी बसों को वाशिंग के बाद ही रूट के लिए बस स्टैंड पर भेजा गया है। बसों में स्प्रे का इस्तेमाल करने, कंडक्टरों को सेनेटाइजर साथ रखने के भी आदेश दिए गए हैं, लेकिन अभी यह व्यवस्था लागू नहीं हुई है।

अभी तक जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से आशंकित एक भी मरीज नहीं

जिले में अभी तक कोई भी कोरोना वायरस का संभावित व पीड़ित मरीज सामने नहीं आया है। इसके बावजूद जिला प्रशासन व रोडवेज विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा हैं और इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। जिला प्रशासन से सिविल अस्पताल व ईएसआई अस्पताल में चार दिन पहले ही एडवाइजरी जारी कर संभावित मरीजों के लिए अलग से वार्ड बना दिए हैं। इसके अलावा शहर के छह प्राइवेट अस्पतालों में भी इस संभावित मरीजों की जांच व उपचार की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन व रोडवेज ने ये व्यवस्था की लागू

1. एडवाइजरी जारी होने के बाद रविवार को भिवानी वर्कशॉप में बसों की लिसापोल व सर्फ से वाशिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। तरल क्लीनर लिसापोल को स्वच्छ पानी में डाला जाता है फिर उसमें सर्फ मिलाया जाता है। इसके बाद कर्मचारी बसों की खिड़की पर लगे पाइप, छत्त व सीटों के आगे लगे पाइपों को लिसापेाल व सर्फ युक्त पानी से साफ करते है। इसके बाद अंदर से बस की वाटर से वाशिंग की जा रही हैं। बस के स्टेयरिंग आदि की भी अच्छे से सफाई कर बस को सेनेटाइजर करना शुरू कर दिया है।

2. अगर किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्ष्य मिले तो मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। इसके साथ ही उनके परिवार के सदस्यों को भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 14 दिन तक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके लिए सिविल अस्पताल में वार्ड नंबर 6 को आइसोलेशन वार्ड के रूप में तैयार किया गया है।

3. इसके अलावा अस्पताल में लॉजिस्टिक सेंटर को क्यूरेनटाइन में बदल दिया गया हैं जिसमें पर्याप्त मात्रा में कमरे व बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें कोरोना से संक्रमित मरीज का इलाज पुलिस की निगरानी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेंगी।

कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी: सांसद

हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष व सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि कोरोना से डरने की नहीं बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। इसलिए एहतियातन प्रदेश के सभी स्विमिंग पूल 15 से 25 मार्च तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस अवधि के दौरान किसी भी तरह की स्विमिंग प्रतियोगिता भी रद्द रहेगी। सभी जिला तैराकी संघ को भी हिदायत जारी कर दी गई है।

जिले की 200 बसों में रोज 30 हजार लोग करते हैं सफर

भिवानी रोडवेज डिपो में 200 बसें हैं, जिनमें हर रोज 30 हजार यात्री सफर करते हैं। बसों में इससे पहले सफाई तो हर रोज की जाती थी लेकिन वाशिंग 15 दिन के बाद होती थी, लेकिन रविवार से सभी बसों की वाशिंग हर रोज शुरू कर दी है। कंडक्टर व ड्राइवर को भी मास्क उपलब्ध करवाए गए हैं।

कर्मचारियों के लिए उचित प्रबंध करे सरकार: धनखड़

हरियाणा कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय महासचिव विरेंद्र सिंह धनखड़ व जिला प्रधान सूरजमल लेघां ने स्कूल-कॉलेज, परिवहन, जनस्वास्थ्य, बिजली निगम, नपा, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग आिद के कर्मचारियों के लिए मास्क व सेनेटाइजर का प्रबंध करने की मांग की है।

कोरोना वायरस से डरें नहीं, सचेत रहें: दूहन

रोडवेज जीएम गुलाब सिंह दूहन ने बताया कि कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए रोडवेज विभाग अलर्ट है। यात्रियों में किसी प्रकार का संक्रमण नहीं फैले इसलिए बसों को सेनेटाइज करके स्वच्छ किया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cUQwke
via IFTTT