निगम ने दो दिन में 350 डिफाल्टरों के काटे बिजली कनेक्शन


बिजली निगम ने भिवानी व चरखी दादरी जिलों में लगभग 50 हजार डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिया है। इसके लिए 90 टीम गठित की गई हैं। अभी तक टीम लगभग 350 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट चुकी है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं की तरफ निगम की लगभग 230 करोड़ रुपये बकाया है।

बिजली निगम ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं में फंसी 230 करोड़ की बकाया बिल राशि वसूलने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए निगम ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार से शुरू किए गए अभियान के दौरान अभी तक निगम लगभग 350 डिफाल्टरों के बिजली कनेक्शन काट चुके हैं। निगम का यह अभियान मई तक चलेगा।

डिफाल्टरों का तीन बार भेजे नोटिस

डिफाल्टरों को दो से तीन बार नोटिस व मौखिक रूप से बकाया बिल जमा करवाने की सूचना दे चुका है इसके बावजूद डिफाल्टरों ने बकाया बिजली बिल राशि जमा नहीं करवाई। इसके चलते निगम ने ऐसे डिफाल्टरों के बिजली कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया है।


24 हजार पुराने और 26 हजार नए उपभोक्ता डिफाल्टर


26 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने चार से अधिक महीने से बिजली बिल जमा नहीं करवाया और बकाया बिल राशि पांच हजार रुपये से अधिक है। 24 हजार ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ता हैं, जिनके बिजली कनेक्शन निगम पहले ही काट चुका है, लेकिन बकाया बिल राशि अभी तक जमा नहीं करवाई है। 24 हजार डिफाल्टरों की तरफ निगम की लगभग 157 करोड़ की बिल राशि बकाया है, जबकि 26 हजार उपभोक्ताओं की तरफ निगम की लगभग 73 करोड़ की राशि बकाया है। इन 26 हजार डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अभी भी जारी है। प्रत्येक डिफाल्टर उपभोक्ता की तरफ पांच हजार या इससे ज्यादा की बकाया राशि है। निगम ने अब इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर है। रविवार को टीम ने ढिगावा कस्बे में डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। निगम घरेलू, ट्यूबवेल व औद्योगिक क्षेत्र के डिफाल्टर उपभोक्ता के भी बिजली कनेक्शन काट रहा है।


ढिगावा मंडी क्षेत्र में रविवार को भी चलाया कनेक्शन काटो अभियान

ढिगावा मंडी | ढिगावा सब डिवीजन क्षेत्र के 52 गांवों में बिजली सप्लाई होती है। जिनमें 625 डिफाल्टर उपभोक्ता हैं। जिनकी की तरफ निगम की लगभग 50 लाख 36 रुपये की बकाया बिल राशि है। ढिगावा बिजली सब डिवीजन के एसडीओ नारायण प्रकाश के नेतृत्व में निगम की टीमों ने रविवार को गांव ओबरा, ढाणी, स्लेम पुर, ढाणी आदि गावों में डिफाल्टरों के बिजली कनेक्शन काटने का अभियान चलाया। एसडीओ ने बताया कि बताया डिफाल्टरों को दोबारा से कनेक्शन जारी करवाने में पेचीदा प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्होंने किसानों व घरेलू उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल राशि जमा करवाने की अपील की ताकि उनके बिजली कनेक्शन न कटें। उन्होंने कहा कि सूचीबद्ध रूप से बकाया राशि वसूलने के लिए कनेक्शन काटो अभियान चलाया जा रहा है।

24 हजार ने सरचार्ज माफी का लाभ नहीं उठाया

बिजली निगम की 2005 से लेकर जून 2018 तक के सभी डिफाल्टरों का सरचार्ज माफ करने की योजना वर्ष 2018 में शुरू की गई थी। चार महीने चली योजना 31 दिसंबर 2018 तक थी। भिवानी व दादरी जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में करीब 36 हजार 806 डिफाल्टर उपभोक्ता थे। इनमें से निगम की तरफ से लगाए गए खुले दरबार व जागरूकता अभियान के बाद 12 हजार 960 डिफाल्टरों ने 2 करोड़ 81 लाख रुपये जमा करवा 41 करोड़ 22 लाख रुपये माफ करवाए हैं। इसके बावजूद 24 हजार डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ नहीं उठाया। इन उपभोक्ताओं की तरफ निगम की 157 करोड़ की बकाया राशि अभी भी बाकी है।

हजारों उपभोक्ताओं ने नहीं उठाया लाभ

बिजली निगम के एससी राजकुमार राजौरिया ने बताया कि निगम डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं की तरफ निगम की 230 करोड़ की राशि बकाया है। उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि सरचार्ज माफी योजना के बाद भी हजारों डिफाल्टरों ने लाभ नहीं उठाया। ऐसे बकायादार उपभोक्ताओं से राशि वसूलने के लिए प्रॉपर्टी अटैचमेंट के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2xHCpib
via IFTTT