गांव ममीदी के बाद अब शादीपुर में जमाती कोरोना पॉजीटिव मिला है। सुबह जैसे ही पांच रिपोर्ट खानपुर मेडिकल कॉलेज से आई तो उसमें शादीपुर निवासी 58 साल वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही टीम व्यक्ति के घर पर पहुंची और उसे कोविड अस्पताल में लाया गया। वहीं पूरे शादीपुर एरिया को सील कर दिया गया है।
इसके साथ ही उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि यह व्यक्ति अपने साथ जमात में गए 14 लोगों और नौ अपने परिवार के लोगों समेत एक दुकानदार के संपर्क में आया था। पता चला है कि यह महाराष्ट्र में एक माह जमात लगाकर 19 मार्च को लौटा था। उसके साथ शादीपुर के ही 15 लोग और गए थे, हालांकि ये लोग निजामुद्दीन मरकज में नहीं रुके थे। ट्रेन से गए थे और ट्रेन से ही वापस आए हैं। इसके साथ जमात में गए 14 लोगों की रिपोर्ट रविवार शाम तक नहीं गई थी। वहीं इसके संपर्क में आए 10 लोगों के सैंपल रविवार को भेजे गए हैं। डीसी मुकुल कुमार नेबताया कि अभी तक विभाग द्वारा कुल 343 व्यक्तियों के सैम्पल भेजे गए हैं, जिसमें से 222 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई तथा 3 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
वहीं 118 व्यक्ति की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। दो दिन में कोरोना पॉजीटिव केसों की संख्या तीन होने से प्रशासन अलर्ट हो गया। रविवार को छुट्टी के दिन भी डीसी से लेकर एसडीएम, सीएमओ और अन्य अधिकारी ड्यूटी पर दिखे। डीसी मुकुल कुमार ने शादीपुर जाकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उधर, इंद्रा गार्डन में दिल्ली से आई एक महिला को लेकर अफवाह फैल गई। टीम महिला को लेकर गई और उसका चेकअप किया। उसमें कोई लक्षण कोरोना के नहीं मिले।
सभी जमातियों को एक-एक कर अस्पताल पहुंचाया
शादीपुर निवासी व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने पर पुलिस ने पूरे एरिया को घेर लिया। डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद भी वहां मौजूद रहे। व्यक्ति के साथ जमात में गए लोगों की पहचान कर पुलिस ने एक-एक कर घर से निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस में अस्पताल लाया गया। उन्हें वहां पर क्वारेंटाइन किया गया है। वहीं उनकी जांच भी की गई। इनमें जवान से लेकर बुजुर्ग शामिल हैं।
साथ गए जमातियों की रिपोेर्ट आनी बाकी, सभी की स्क्रीनिंग कराई गई
सीएमओ डॉक्टर विजय दहिया ने बताया कि शादीपुर में पॉजीटिव आए व्यक्ति के साथ जमात में गए 14 लोगों के सैंपल जांच के लिए पहले ही गए हुए हैं। उनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। रविवार को 12 रिपोर्ट आई हैं। इसमें 11 निगेटिव हैं। इसके साथ ही 10 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि ममीदी निवासी पॉजीटिव मिले दोनों लोगों के दोबारा टेस्ट के लिए सैंपल भेज दिए गए हैं। सोमवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है। वहीं शादीपुर निवासी पॉजीटिव मिले व्यक्ति की दोबारा कोरोना जांच के लिए सैंपल सोमवार को भेजा जाएगा। उनका कहना है कि दोनों एरिया के हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग कराई गई है।
जमातियों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
यमुनानगर जिला शनिवार दोपहर तक कोरोना के संक्रमण से मुक्त था, लेकिन अब तीन पॉजिटिव मिल चुके हैं। तीनों जमात से लौटे हैं। पुलिस सभी जमातियों का रिकाॅर्ड खंगाल रही है। वहीं सामने आया है कि कुछ तो जमात से लौटने के बाद अपने गांव और मार्केट में घूमते रहे। प्रशासन को जमातियों की सभी रिपोर्ट का इंतजार है। काफी सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग हैं।
जरूरत का सामान पहुंचाएगा प्रशासन
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि शादीपुर और ममीदी में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर इलाके सील कर उन्हें कांटेनमेंट जोन घोषित किया है। यहां पर किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की परमिशन नहीं है। यहां के लोगों को जरूरत का सामान प्रशासन उपलब्ध कराएगा। आज से उनके पास जरूरी सामान पहुंचना शुरू हो जाएगा।
हमने हर गली सील की : दर्शन कुमार
एसडीएम दर्शन कुमार ने बताया कि सुबह ही पूरे शादीपुर एरिया को सील कर दिया गया था। किसी को भी घर से निकलने की परमिशन नहीं है। यहां पुलिस की जगह-जगह नाकाबंदी की गई है। जमात में गए 14 लोगों की रिपोर्ट रविवार शाम तक नहीं गई थी। वहीं इसके संपर्क में आए 10 लोगों के सैंपल रविवार को भेजे गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Rx2B61
via IFTTT