शनिवार रात को चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। शनिवार रात को चोरों ने लाडवा के मुख्य मार्ग पर बिजली निगम कार्यालय के सामने बनी एक टेंट की दुकान के ताले तोड़कर पांच हजार रुपए की नकदी व अन्य सामान चुराया।
दुकान के मालिक कपिल गुप्ता ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से दुकान बंद थी। रविवार दोपहर उन्हें किसी सामान की जरूरत पड़ी तो वे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि शटर के दोनों ताले टूटे पड़े हैं और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। दुकान के गल्ले में रखे पांच हजार रुपए भी गायब थे। उन्होंने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर रात को दो बजे मुंह ढक कर चोरी करते दिख रहे हैं। इसकी सूचना उन्होंने लाडवा पुलिस को दी।
वहीं लाडवा की लाल सड़क पर एक साथ बनी तीन दुकानों के भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। दुकान मालिक महेश ने बताया कि उनकी पतंजलि के करियाना व दवा की दुकान है। उन्होंने बताया कि वे शनिवार रात को दुकान बंद करके घर गए थे और रविवार सुबह जब आए तो देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे। दुकान में रखी 6500 रुपए की नकदी के साथ-साथ चोर अन्य सामान भी ले गए । वहीं साथ लगती एक बिजली की दुकान व एक अन्य दुकान के भी चोरों ने ताले तोड़ दिए, लेकिन इन दोनों दुकानों में कोई नुकसान नहीं हआ। पुलिस ने मौका मुआयना किया। लाडवा थाना प्रभारी राजपाल ने कहा कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b5EBin
via IFTTT