प्रशासन की तरफ से प्रवासियों और ब्रह्मसरोवर एवं सन्निहित सरोवर पर घूमने वाले बाबा व साधुओं के रहने के लिए शेल्टर होम की व्यवस्था की है। यहां उन्हें घर जैसी ही सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन कई बाबा इन सुविधाओं से खुश नहीं हैं। दरअसल इनमें से कुछ नशे के आदी हैं। शेल्टर होम में बंद रहने से इनकी नशे की इच्छाएं पूरी नहीं हो रही। अपनी मांग मनवाने को हठ भी कर रहे हैं। ऐसे ही पिहोवा रोड पर डेरा ब्यास के राधा स्वामी सत्संग भवन में गुजरात निवासी बाबा बरखानंद बीड़ी व सुल्फे की मांग को लेकर अनशन पर ही बैठ गया। पिछले दो दिनों से खाना भी नहीं खाया।
सेवादारों ने पूछा तो यही कहा कि पहले बीड़ी व सुल्फा लाकर दो। सेवादारों ने यह मांग पूरी करने से इंकार कर दिया। रविवार शाम को पता चलने पर विधायक सुभाष सुधा मुआयना करने पहुंचे। विधायक के सामने भी यही मांग रख दी। जिस पर विधायक ने समझाया कि यहां हर सुविधा मिलेगी, लेकिन नशा नहीं। कुछ दिन की बात और है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद उन्हें शेल्टर होम से भेज दिया जाएगा। किसी तरह समझा बुझा कर उसे खाना खाने के लिए राजी किया। बता दें कि इसी शेल्टर होम में पहले भी कुछ बाबाओं ने विधायक से बीड़ी मांगी थी। तब भी विधायक ने उन लोगों को समझाया था।
भास्कर अपील-न करें अनुचित मांगे
शेल्टर होम कोरोना वायरस की चेन तोड़ने में लॉकडाउन को सफल बनाने के मकसद से बनाए हैं। यहां प्रवासियों व बिना घर बार घूमने वालों को आसरा दिया जा रहा है । प्रशासन को सहयोग करें।
चिकित्सक करेंगे इलाज
वहीं कैंप में दो बाबा खांसी से पीड़ित मिले। जिस पर विधायक ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि यहां रहने वाले सभी बाबा का चेकअप किया जाए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। ताकि उनकी जांच व इलाज हो सके। वहीं बीड़ी मांगने वाले बाबा का भी चिकित्सक इलाज करेंगे। उसकी काउंसलिंग कर समझाया गया। विधायक ने कहा कि शेल्टर होम में हर तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं। जब तक लॉकडाउन रहेगा तब तक सभी को यहीं रहना है। सभी लोग प्रशासन को सहयोग करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3a5nbRF
via IFTTT